शिमला/धर्मशाला। मौसम विभाग ने पांच जनवरी को प्रदेश के कुछ ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। छह व सात जनवरी को पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, मंडी, सोलन व सिरमैार में बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अधिकतर ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों मेंं अधिक बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हिमाचल में शनिवार को नववर्ष का पहला हिमपात हुआ। शिमला, कुफरी, नारकंडा व मनाली में बर्फबारी हुई। कांगड़ा जिला के पालमपुर क्षेत्र में फाहे गिरे व ओलावृष्टि हुई। चंबा जिले की चोटियों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण प्रदेश में 12 सड़कें बंद रहीं। राजधानी शिमला में शनिवार दोपहर हल्का हिमपात हुआ। शहर में करीब एक इंच बर्फबारी हुई। इससे शहर में करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।